Bihar Band by RJD | The-Bihar-News

बिहार बंद के दौरान जाम पर विवाद: फायरिंग व बमबाजी से थर्राया अहियापुर, पुलिस पर हमला

बिहार बंद के दौरान जाम करने पर गुरुवार को हुए विवाद में दो गुटों के बीच फायरिंग व बमबाजी से अहियापुर चौक थर्रा उठा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों ओर से एक-दूसरे पर करीब 30 से 35 राउंड फायरिंग व दो बम धमाके किए गए। शरारती तत्वों ने पुलिस पर भी रोड़ेबाजी और फायरिंग की। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने भी दो राउंड हवाई फायरिंग की। वहीं राजद ने पूरे मामले को निजी विवाद बताया है।

पुलिस के अनुसार, राजद के बिहार बंद के आह्वान पर अहियापुर चौक को कुछ लोगों ने जाम किया था। सुबह नौ बजे के करीब चाणक्यापुरी मोहल्ला निवासी आजाद ठाकुर बुलेट से जा रहा था। इस बीच जाम कर रहे लोगों ने उसका विरोध किया और वहां से लौटने को कहा। इसे लेकर आजाद का उनसे विवाद हो गया। इस बीच आजाद ने एक राउंड फायरिंग की। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ना चाहा तो वह अपने घर की तरफ भागा। फायरिंग से गुस्साई भीड़ आजाद के घर तक पहुंच गई और रोड़ेबाजी करने लगी। वहीं, आजाद घर के अंदर से गोली चलाने लगा। इससे मामला और बिगड़ गया। असामाजिक तत्वों के साथ आसपास के लोग भी जुट गए। अहियापुर पुलिस भी पहुंची, लेकिन फायरिंग व लोगों का आक्रोश देख पीछे लौट गई। इसके बाद अधिकारी व और सुरक्षा बल के इंतजार में अहियापुर चौक के समीप जमी रही।

सिटी एसपी और नगर डीएसपी के आने के बाद पुलिस दोबारा घर की ओर काफी मशक्कत के साथ बढ़ी। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी व फायरिंग भी की। इसपर पुलिस की ओर से दो राउंड हवाई फायरिंग हुई। साथ ही मौके पर जुटे लोगों को खदेड़कर भगाया गया और लाठियां भी जमकर भांजी। इसमे कई लोग गिरते-पड़ते भागे और चोटिल भी हो गए। फायरिंग में चाणक्यापुरी मोहल्ला का अभिषेक कुमार उर्फ राजा ठाकुर जख्मी हो गया है। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रण करने के लिए लाठियां भी भांजी। बवाल व फायरिंग की सूचना पर डीएम धर्मेंद्र सिंह व एसएसपी विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस दौरान नौ असामाजिक तत्वों को एक घर से पकड़ा। साथ ही गोलीबारी में घायल राजा ठाकुर के घर से पुलिस ने चार पिस्टल व देसी कट्टा, कारतूस व मैगजीन बरामद किया है। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में उसका एसकेएमसीएच में इलाज चल रहा है।

घटना से इलाके में तनाव है। पुलिस व दंडाधिकारी कैंप कर रहे हैं। वहीं राजा ठाकुर का छोटा भाई आजाद ठाकुर लापता है। मामले को लेकर एक पक्ष के जियालाल चौक निवासी नीरज कुमार ने अहियापुर थाने में आवेदन दिया। वर्चस्व को लेकर मारपीट व फायरिंग का आरोप राजा ठाकुर,आजाद ठाकुर व अन्य पर लगाया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। दूसरी ओर, राजद ने पूरे मामले को निजी रंजिश बताया है। जिलाध्यक्ष मिथिलेश यादव ने कहा कि दोनों के बीच निजी विवाद चल रहा है। राजद कार्यकर्ताओं ने बंदी के दौरान कहीं भी न तो उग्र प्रदर्शन किया है और न ही बवाल। राजद की ओर से जीरोमाइल पर प्रदर्शन किया जा रहा था। अहियापुर चौक पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं थे।

बयान : राजा ठाकुर व जाम करने वाले के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। नोकझोंक व मारपीट के बाद रोड़ेबाजी व पत्थराव की घटना हुई है। कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं। फायरिंग का मामला प्रकाश में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। पूरे मामले में कानून संगत और कड़ी कार्रवाई होगी।
-विवेक कुमार, एसएसपी

बयान:
स्थानीय कुछ लोग मेरी जमीन हथियाने की फिराक में हैं। इसे लेकर बराबर घर पर हमला कर देते हैं। आज भी इसको लेकर फायरिंग की गई है। इसमें मेरा बेटा राजा जख्मी हो गया है जबकि दूसरा बेटा घर से लापता है। -विभा देवी, जख्मी राजा ठाकुर की मां

Facebook Comments