indian-navy-women-win-world-the-bihar-news-tbn-patna-bihar-hindi-news

भारतीय नौसेना की महिलाओं ने जीत लिया विश्व

लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी, लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिनेंट ऐश्वर्या बोड्डापति, स्वाति पी, एस विजया देवी और पायल गुप्ता ने इतिहास रचा है। भारतीय नौसेना की ये जाबांज महिलाएं ‘INSV तारिणी’ से पूरी दुनिया का चक्कर लगाकर सोमवार, 21 मई को भारत लौट आईं। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और नौसेना प्रमुख सुनील लांबा ने गोवा तट पर उनका स्‍वागत किया। लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी की अगुवाई में टीम ने 254 दिन में 26 हजार समुद्री मील का सफर तय किया। इस अभियान का नाम ‘नाविका सागर परिक्रमा’ था और पिछले साल 10 सितंबर को आईएनएस मांडवी बोट पुल, पणजी से इन्हें रवाना किया गया था। इन्होंने 55 फुट के ‘INSV तारिणी’ में अपना यह सफर पूरा किया। भारतीय नौसेना में इसे पिछले साल 18 फरवरी को शामिल किया गया था।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि सभी महिला चालक सदस्‍यों की यह पहली उपलब्धि है। यह यात्रा छह चरण में पूरी की गई है और चालक दल ने इस दौरान फ्रेमांटले (ऑस्ट्रेलिया), लाइटिलटन (न्यूजीलैंड), पोर्ट स्टैनली (फॉकलैंड द्वीप), केप टाउन (दक्षिण अफ्रीका) और मॉरीशस में अपना पड़ाव डाला। चालक दल ने अपनी यात्रा के दौरान 21,600 नॉटिकल माइल की दूरी तय की और दो बार भूमध्य रेखा, चार महाद्वीपों और तीन सागरों को पार किया।

वहीं, इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘INSV तारिणी के भारतीय नौसेना के महिला दल को नाविका सागर परिक्रमा पूरी करने पर हार्दिक बधाई। देश लौटने पर आपका स्वागत है. समूचे देश को आप पर गर्व है’. रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, ‘महिला चालक सदस्यों द्वारा पूरे विश्व का चक्कर लगाना बहुत ही साहसिक और प्रेरणादायक है। यह देश के लिए ऐतिहासिक पल है।’

ये भी पढ़े: ब्रिटेन की शाही शादी की खास झलकियां

Facebook Comments