बिहार: भारी मात्रा में हथियार के साथ नक्सली हुआ गिरफ्तार

बिहार झारखंड पुलिस ने संयुक्त छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में हथियार बरामद करते हुए एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। फिलहाल गिरफ्तार नक्सली की पहचान गुप्त रखी गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की थी। एक घर से ऑटोमेटिक राइफल, कारतूस, वर्दी, नक्सली पर्चा सहित अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है जो झारखंड जनमुक्ति परिषद से जुड़कर संगठन का विस्तार कर रहा था।

मुख्य सरगना रामपुकार मेहता पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। कुछ दिनों पूर्व अंबा थाना क्षेत्र में स्कूल वैन को जलाने और संचालक को धमकी देने के मामले में इसी गिरोह का हाथ था। पुलिस अब इस ग्रुप के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इसकी पुष्टि करते हुए एसपी डॉ सत्य प्रकाश ने बताया कि आधा दर्जन हथियार बरामद किए गए हैं जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह लोग प्रतिबंधित संगठन से जुड़कर काम कर रहे थे।

सरगना के जेल कनेक्शन की हो रही है पड़ताल
पुलिस को चकमा देकर फरार हुए रामपुकार मेहता का कनेक्शन जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुजीत मेहता सो होने की बात सामने आ रही है।

हालांकि पुलिस अभी इसकी पड़ताल कर रही है। एसपी ने बताया कि रामपुकार मेहता सुजीत का रिश्तेदार है और इन दोनों की भूमिका की जांच हो रही है। सुजीत ने पूर्व में जिला परिषद पति मुन्ना सिंह की हत्या दिनदहाड़े कर दी थी। इसके अलावा कई हत्याओं में भी उसकी भूमिका रही है। लूट और हत्या के विभिन्न मामलों में वह जेल में बंद है तथा उसे सजा दी हो चुकी है। पुलिस इस बिंदु पर भी काम कर रही है। सुजीत मेहता की पत्नी सुमन वर्मा वर्तमान में जिला परिषद सदस्य है।

Facebook Comments