Newton | The-Bihar-News

ऑस्कर में भारत की दावेदारी ख़त्म, रेस से बाहर हुई राजकुमार राव की ‘न्यूटन’

‘न्यूटन’ के फैन के लिए बुरी खबर है। ऑस्कर में भारत की तरफ से आधिकारिक एंट्री के तौर पर भेजी गई अभिनेता राजकुमार राव की चर्चित फ़िल्म ‘न्यूटन’ ऑस्कर की दौड़ से बाहर हो गई है। ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने गुरुवार को घोषणा की कि 90वें अकादमी पुरस्कारों के लिए बेस्ट फॉरन लैंग्वेज फिल्म की कैटेगरी में 9 फीचर फिल्में प्रतियोगिता के अगले दौर में शामिल होंगी।

राजकुमार राव द्वारा अभिनीत ‘न्यूटन’ में अमित मसुर्कर के निदेर्शन में बनी है। शॉर्टलिस्ट की गई फिल्मों को 92 फिल्मों में से चुना गया है। 90वें अकादमी पुरस्कारों की सभी श्रेणियों के लिए नामांकन 23 जनवरी को घोषित किया जाएगा। ऑस्कर समारोह 4 मार्च को डॉल्बी थियेटर में आयोजित किया जाएगा। अब तक, ‘मदर इंडिया’, ‘सलाम बॉम्बे!’ और ‘लगान : वन्स अपॉन ए टाइम इन इंडिया’ ही ऐसी भारतीय फिल्में हैं, जो अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में जगह बना पाईं।

फिलहाल न्यूटन को पछाड़ कर ये 9 फिल्में ऑस्कर की रेस में हैं -अ फैंटास्टिक वूमन (चिली), इन द फेड (जर्मनी), ऑन बॉडी ऐंड सोल (हंगरी), फॉक्सट्रॉट (इस्राइल), द इनसल्ट (लेबनान), लवलेस (रूस), फेलिसिटे (सेनेगल), द वूंड (साउथ अफ्रीका) और द स्कवायर (स्वीडन)।

Facebook Comments