फैसला:पटना एयरपोर्ट पर विजिटर्स की एंट्री बंद,सिक्योरिटी एरिया भी सील

पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार से विजिटर्स की एंट्री बंद हो गई है। अब आम लोग एंट्री टिकट लेकर अपने सगे संबंधियों को सिक्योरिटी होल्ड एरिया तक छोड़ने नहीं जा सकते हैं।

एयरपोर्ट पर फ्लाइटों की बढ़ रही संख्या और सिक्योरिटी एरिया में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने आने वाले यात्रियों को दो घंटे से पहले परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोर्टिको के बाहर यात्रियों के बैठने का इंतजाम किया गया है।

पोर्टिको के बाहर अभी 50 लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगी हैं। कुछ दिनों में 200 यात्रियों के बैठने के लिए जगह हो जाएगी। पोर्टिको में बैठने वाले यात्रियों को सुरक्षा जांच कराने के बाद ही बैठने की अनुमति है। विमानों के टेक ऑफ के समय से एक घंटे पहले यात्री सिक्योरिटी चेकइन एरिया में प्रवेश कर रहे हैं। एयरपोर्ट निदेशक राजेन्द्र सिंह लाहौरिया ने बताया कि विजिटर्स इंट्री बंद कर दी गई है। बाहर में यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई है।

 

Facebook Comments