17 अमरनाथ यात्रियों की मौत जिनमें 7 यात्री बिहार के
अमरनाथ यात्रियों से भरी बस रविवार को गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए हादसा। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के पास हुआ।
- 28 अन्य यात्री घायल, इनमे 19 की हालत नाजुक
- 05 यात्री बिहार के घायल, इनमे 3 दानापुर और 2 सहरसा के
मरने वालों में 7 यात्री बिहार के हैं। इनमें 6 पटना के दानापुर इलाके के तकियापर, इमली तल और गोला रोड के रहने वाले हैं। एक मृतका सहरसा की है। वही, घायलों में पांच बिहार के हैं जिनमें दो सहरसा के और तीन दानापुर के रहने वाले हैं। मरने वालों में दिलीप कुमार और पवन कुमार दोनों सगे भाई है। वही, मृतका छाया देवी के पति विजय चौरसिया और उनके पुत्र रजत घायल है।
दोपहर में हुआ हादसा
रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहन लाल ने बताया कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही पर दोपहर में नचलाना क्षेत्र स्थित गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में यूपी, राजस्थान, असम, हरियाणा और मध्यप्रदेश के यात्री भी शामिल है। घायल यात्रियों में से 19 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
“सभी 6 मृतक दानापुर के हैं। इनके शव लाने की व्यवस्था आपदा प्रबंधन विभाग व जिला प्रशासन की तरफ से की जा रही है।” -संजय कुमार अग्रवाल (डीएम, पटना)
19 घायल यात्री जम्मू लाए गए
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार बनी बस जम्मू-कश्मीर राज्य सड़क परिवहन कारपोरेशन की बसों के काफिले का हिस्सा थी। इस काफिले में 3,603 अमरनाथ यात्रियों को जम्मू से बालटाल और पहलगाम ले जाया जा रहा था।
हादसे में 9 घायलों को बनिहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 19 को हेलीकॉप्टर से जम्मू लाया गया। हादसे के बाद पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाओ अभियान चलाया और घायलों व जान गंवाने वालों के शवों को खाई से बाहर निकाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर गहरा दुख जताया।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजा
अमरनाथ यात्रा के दौरान बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले बिहार के 6 तीर्थयात्रियों के परिजनों को राज्य सरकार 4-4 लाख रुपए का मुआवजा देगी। साथ ही घायल तीर्थ यात्रियों को 50-50 हजार रुपए मिलेंगे। बिहार सरकार के अधिकारी जम्मू जा कर घायल तीर्थ यात्रियों के समुचित इलाज की व्यवस्था करेंगे। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार पैसे देने का ऐलान किया।